रेखा रानी ने मुख्यमंत्री के साथ वर्चुअल बातचीत में साझा किया अनुभव

सबका जम्मू कश्मीर
कठुआ, 28 जून: जम्मू-कश्मीर सरकार की नई स्वरोजगार योजना मिशन YUVA का शुभारंभ आज श्रीनगर के SKICC से किया गया, जिसका सीधा प्रसारण कठुआ जिला मुख्यालय स्थित डीसी ऑफिस कॉम्प्लेक्स के कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया। कार्यक्रम में जिला के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में युवा लाभार्थी शामिल हुए।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुरिंदर मोहन, उप निदेशक रोजगार हरविंदर सिंह, सहायक श्रम आयुक्त पियूषा खजूरिया, जिला सामाजिक कल्याण अधिकारी वरुण चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ओमर अब्दुल्ला ने वर्चुअली विभिन्न जिलों के युवाओं से बातचीत की। कठुआ से रेखा रानी ने योजना के तहत अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने रोजगार एवं परामर्श केंद्र की मदद से योजना में पंजीकरण किया और मनियारी (जनरल स्टोर) की दुकान खोलने के लिए रिकॉर्ड समय में उनका प्रोजेक्ट तैयार किया गया। उन्होंने सरकार का धन्यवाद देते हुए कहा कि इस योजना से युवाओं को बहुत मदद मिल रही है।

मिशन YUVA का लक्ष्य 1.37 लाख नए छोटे-बड़े उद्यम शुरू करवाना है, ताकि युवा नौकरी मांगने वाले से नौकरी देने वाले बन सकें। योजना के तहत हर उद्यम को तीन से चार साल तक पूरा मार्गदर्शन और सहायता दी जाएगी।

जिला अधिकारियों ने युवाओं से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की और भरोसा दिलाया कि पात्र युवाओं को हर संभव मदद दी जाएगी।
इस मौके पर मिशन YUVA ऐप पर पंजीकरण में सहायता के लिए सूचना व सहायता डेस्क भी लगाया गया था।
बसोहली, बिलावर, बनी और हीरानगर उपमंडलों में भी इसी तरह लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए कार्यक्रम आयोजित किए गए, ताकि जिले के हर कोने तक योजना की जानकारी पहुंच सके।