
सबका जम्मू कश्मीर
कठुआ, 27 जून : प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम (PMFME) योजना के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन आज सामुदायिक भवन, चंगरां, ब्लॉक कठुआ में किया गया। कार्यशाला का आयोजन बागवानी विभाग (प्लांटेशन एंड मार्केटिंग), कठुआ के एरिया मार्केटिंग ऑफिसर एवं जिला नोडल अधिकारी PMFME द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, स्वयं सहायता समूह (SHG) के सदस्य, किसान उत्पादक संगठन (FPO) के प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, सहकारी विभाग, कृषि, ग्रामीण विकास एवं पशु व भेड़ पालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने-अपने विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रतिभागियों से साझा की।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को PMFME योजना की विस्तृत जानकारी दी गई, जो आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत शुरू की गई है। योजना का उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में कार्यरत सूक्ष्म इकाइयों को वित्तीय सहायता, आधारभूत ढांचे का विकास, गुणवत्ता सुधार तथा नए बाजारों तक पहुंच हेतु मदद प्रदान करना है।
एरिया मार्केटिंग ऑफिसर कठुआ एवं विभाग के ग्रेडिंग/मार्केटिंग निरीक्षकों ने योजना से जुड़ी प्रक्रिया, लाभ एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक किसानों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में आगामी PMFME लाभार्थी अनिल सिंह व स्वर्ण कुमार ने योजना से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। वहीं, एएमओ कठुआ एस.आर. सांगरा ने प्रतिभागियों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और उन्हें जल्द से जल्द अपनी परियोजना रिपोर्ट जिला नोडल अधिकारी या डीआरपी PMFME कठुआ को सौंपने का अनुरोध किया।
कार्यशाला का उद्देश्य सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को सशक्त बनाकर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सतत आजीविका को बढ़ावा देना था।